कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन करने की घोषणा की है. अहम बात यह भी है कि उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा है कि जहां रोका जाएगा, उसी जगह प्रदर्शन शुरू हो जाएगा.

कॉकरोच जनता पार्टी ने मुंबई के बाद अब दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर से प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. सीजेपी ने इसको लेकर शनिवार (3 अक्तूबर) को बड़ा बयान दिया. उसने कहा कि अगर पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो जहां रोकेगी वहीं प्रदर्शन शुरू कर देंगे. सीजेपी के साथ-साथ विपक्ष ने भी केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
कॉकरोच जनता पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अगर CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को पूरे भारत से कॉकरोच दिल्ली के जंतर-मंतर तक मार्च करेंगे. अगर दिल्ली पुलिस हमें रास्ते में कहीं भी रोकती है, तो जहां भी वे हमें रोकेंगे, वही जगह हमारा जंतर-मंतर बन जाएगी. लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा की अपनी लड़ाई में हम महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलेंगे.’
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कहां-कहां हुआ प्रदर्शन
गौरतलब है कि गांधी जयंती पर शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देश में कई जगह प्रदर्शन हुए. विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने दिल्ली में सड़कों पर उतरकर विरोध किया और इस दौरान 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया जबकि सीजेपी के आह्वान पर मुंबई के शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में लोग जुटे. दिल्ली और मुंबई के अलावा अहमदाबाद, लखनऊ और पटना समेत देश के कई अन्य हिस्सों में प्रदर्शन हुए.





